बदायूं में दुष्कर्म आरोपी मुठभेड़ में घायल:गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती, SI भी जख्मी


बदायूं में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह घटना अलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 25 जून की रात करीब आठ बजे हुई थी, जब बच्ची लापता हो गई थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर बच्ची की तलाश शुरू की। बच्ची के मिलने के बाद मेडिकल जांच में उसके साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि बच्ची की काउंसलिंग और पूछताछ के दौरान पता चला कि वारदात को उसके रिश्तेदार 60 वर्षीय अबरार पुत्र लतीफ ने अंजाम दिया था। आरोपी अबरार बच्ची को मिर्च-पकौड़ी खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया था। दुष्कर्म करने के बाद वह उसे खेत में छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अबरार भसराला रोड स्थित अमरूद के बाग में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में एसआई गौरव कुमार गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अबरार के दोनों पैरों में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल एसआई गौरव कुमार और आरोपी अबरार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, चार खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले की विवेचना जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *