![]()
लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस का सामना कर रहे जालौन जिले के लोगों को शनिवार देर रात मौसम ने बड़ी राहत दी। रात करीब 12:30 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं, आकाशीय चमक और गरज के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे जिले को तरबतर कर दिया। करीब एक घंटे तक लगातार हुई तेज बारिश के बाद भी रुक-रुककर हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा। इस बारिश के साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र में मानसून की विधिवत दस्तक मानी जा रही है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। दिन के समय तेज धूप और रात में उमस के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। शनिवार देर रात हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं यह बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं मानी जा रही है। लगातार पड़ रही गर्मी के कारण खेतों की मिट्टी सख्त और सूखी हो गई थी, जिससे खरीफ सीजन की तैयारियां प्रभावित हो रही थीं। अब बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे किसान बखराई और जुताई का कार्य शुरू कर सकेंगे। इससे धान, तिल, और अन्य खरीफ फसलों की समय पर बुवाई का रास्ता साफ हो गया है। कृषि विशेषज्ञों का भी मानना है कि समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी। यदि आने वाले दिनों में भी मानसून सामान्य बना रहता है तो इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद बढ़ जाएगी। बारिश के बाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी, क्योंकि लंबे इंतजार के बाद मानसून ने आखिरकार दस्तक दे दी है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों को भी नई उम्मीद मिली है। अब सभी की निगाहें मानसून की आगामी गतिविधियों पर टिकी हैं, ताकि खेती-किसानी का कार्य पूरी रफ्तार से आगे बढ़ सके।
Source link
जालौन में बारिश से मानसून की दस्तक:भीषण गर्मी से राहत, किसानों के चेहरे खिले