कानपुर की कल (शनिवार) की 10 बड़ी खबरें… 33 मुकदमों वाला गैंगस्टर अजय ठाकुर अरेस्ट किया गया। एनकाउंटर के डर से गैंगस्टर चिल्लाते हुए बोला– अगर मुझे कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार ये लोग होंगे। उसके बाद पुलिस टीम उसे पुलिस जीप में लादकर ले गई।
.
बर्रा में बेटी से कथित छेड़छाड़ से नाराज एक पिता ने आरोपी किशोर के अधिवक्ता पिता पर सरेआम तमंचा तान दिया। कहा- अगली बार किया तो खोपड़ी में छेद कर दूंगा। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर FIR दर्ज की। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर VIDEO पर क्लिक करें…।
सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें-
1- नौकरानी जींस में छिपाकर ले गई 60 लाख के गहने, अमीर घर ढूंढा, बॉयफ्रेंड से शादी के लिए वारदात

स्वरूप नगर में 60 लाख रुपए के गहने चोरी करने वाली नाबालिग मेड को पुलिस ने राजस्थान के माउंट आबू से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह बॉयफ्रेंड से शादी के लिए पिछले छह महीने से किसी संपन्न परिवार में नौकरी तलाश रही थी। नौकरी मिलने के दूसरे ही दिन उसने गहने जींस में छिपाकर चुरा लिए और 6 लाख का ब्रेसलेट 2 लाख में बेच दिया। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया। पढ़ें पूरी खबर…
2- नगर निगम में सीवर लाइन को लेकर प्रदर्शन, मेयर और उनके बेटे के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए

मेयर प्रमिला पांडेय और भाजपा के बागी पार्षदों के बीच विवाद के बीच संत लाल का हाता के सैकड़ों लोगों ने नगर निगम पहुंचकर सीवर लाइन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मेयर और उनके बेटे के खिलाफ नारेबाजी की। कहा- बस्ती की अरबों रुपए की जमीन पर नजर होने के कारण सीवर लाइन का काम रोका जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
3- पति जेल से नहीं छूटा, पत्नी ने किया सुसाइड: सेन पश्चिमपारा पुलिस ने जमीनी विवाद में एक साल पहले भेजा था

सेन पश्चिमपारा क्षेत्र में जमीनी विवाद के मामले में एक साल से जेल में बंद पति को छुड़ा न पाने से परेशान 50 वर्षीय महिला ने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह बेटी ने मां का शव लटकता देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फर्जी प्लॉट रजिस्ट्री मामले में पति के जेल जाने के बाद महिला लगातार मानसिक तनाव में थी। पढ़ें पूरी खबर…
4- BJP जिलाध्यक्ष बोले- पार्षदों का यह तरीका सही नहीं: इस्तीफा संगठन को दिया जाता है, मीडिया को नहीं

भाजपा के बागी पार्षदों के विवाद पर पार्टी के उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि 6 हों या 75, सभी भाजपा परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने मीडिया के सामने इस्तीफे की चेतावनी देने को अनुचित बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों का समाधान संगठन और महापौर के साथ बैठकर होना चाहिए। कहा- प्रभारी मंत्री और क्षेत्रीय अध्यक्ष में भी बात हो चुकी है। जल्द ही समाधान निकलेगा। पढ़ें पूरी खबर…
5- अकीतमंदों को इंस्पेक्टर ने 18 सेकेंड में मारे पांच डंडे, ACP बोलीं- 100 की स्पीड में दौड़ा रहे थे स्कूटी

मोहर्रम जुलूस में वीआईपी रोड पर तेज रफ्तार स्कूटी चला रहे तीन युवकों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। वीडियो में एक युवक को चौराहे पर पुलिसकर्मी लाठियों से पीटते नजर आए। एसीपी कर्नलगंज आकांक्षा पांडेय ने बताया कि युवक तीन बार 100 की स्पीड में स्कूटी दौड़ाते हुए निकले थे, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। पढ़ें पूरी खबर…
6- गैंगस्टर अजय ठाकुर अरेस्ट: एनकाउंटर के डर से चिल्लाया- मुझे कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार पुलिसवाले होंगे

रावतपुर में महंत की हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे गैंगस्टर अजय ठाकुर को पुलिस ने रतनलाल नगर से अरेस्ट कर लिया है। रतन लाल नगर में शनिवार दोपहर कार वाशिंग सेंटर के पास गैंगस्टर की लोकेशन मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंची फोर्स ने उसे दबोच लिया। एनकाउंटर के डर से गैंगस्टर चिल्लाते हुए बोला– अगर मुझे कुछ हुआ तो इसके जिम्मेदार ये लोग होंगे। उसके बाद पुलिस टीम उसे पुलिस जीप में लादकर ले गई। गैंगस्टर के खिलाफ 33 मुकदमें दर्ज है। पढ़ें पूरी खबर…
7- CTI नहर से निकला कचरा सड़क पर छोड़ा, 13 दिन से लोग परेशान, धूल से सांस लेना मुश्किल

सीटीआई नहर की सफाई हुए करीब दो सप्ताह बीत चुके हैं, लेकिन निकाली गई सिल्ट और गंदगी अब भी सड़क किनारे पड़ी है। इसके सूखने से उड़ रही धूल और बदबू ने स्थानीय लोगों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। सांस लेना मुश्किल हो गया है। व्यस्त मार्ग पर हजारों वाहन रोजाना गुजरते हैं, लेकिन सड़क किनारे जमा सिल्ट के कारण रास्ता संकरा हो गया है। पढ़ें पूरी खबर…
8- बेटी से छेड़खानी करने पर पिता ने तमंचा लगाया, आरोपी के पिता से बोला- अगली बार किया तो खोपड़ी में छेद कर दूंगा

कानपुर के बर्रा में बेटी से कथित छेड़छाड़ से नाराज एक पिता ने आरोपी किशोर के अधिवक्ता पिता पर सरेआम तमंचा तान दिया। कहा- अगली बार किया तो खोपड़ी में छेद कर दूंगा। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की। एक पक्ष ने नाबालिग पर अश्लील इशारे करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर…
9- युवक ने घर में फांसी लगाई, गुजरात से लौटा था; पत्नी मायके में थी

रेउना थाना क्षेत्र के कटरी गांव में 25 वर्षीय युवक लोकेंद्र ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा, जहां युवक का शव फंदे से लटका मिला। घटना के समय उसकी पत्नी दो वर्षीय बेटे के साथ मायके गई हुई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पढ़ें पूरी खबर…
10- राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर मंत्री निषाद बोले- जो जितना बड़ा दोषी, उसे उतनी बड़ी सजा होगी

मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कानपुर में कहा- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश है कि जो जितना बड़ा दोषी होगा, उसे उतनी ही सख्त सजा मिलेगी। केवल विपक्ष के आरोप लगाने से कोई व्यक्ति दोषी नहीं हो जाता। जनता ने विपक्ष को सत्ता से बाहर कर दिया है, इसलिए वह लगातार बयानबाजी कर रहा है। लोकतंत्र में आरोपों से ज्यादा महत्व जांच और साक्ष्यों का होता है। पढ़ें पूरी खबर…