![]()
लखनऊ के कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद शासन के निर्देश पर मथुरा में अवैध आवासीय भवनों में व्यावसायिक उपयोग और फायर सेफ्टी मानकों की जांच तेज कर दी गई है। इसी क्रम में शनिवार दोपहर करीब दो बजे सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (एमवीडीए), फायर विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास संचालित होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर अधिकारियों ने भवनों के स्वीकृत मानचित्र, उपयोग की स्थिति और फायर सेफ्टी उपकरणों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया। एमवीडीए ने तीन व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया। इसके अतिरिक्त, 10 ऐसे होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए जो आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे थे, मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे और बेसमेंट में बने हुए थे। फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं कार्रवाई के दौरान कुछ व्यापारियों ने प्रशासनिक टीम का विरोध किया और अधिकारियों से बहस भी हुई। हालांकि, पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया और कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आवासीय भवनों में अवैध रूप से संचालित होटल, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस और कोचिंग सेंटरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिन प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं होंगे या भवन का उपयोग स्वीकृत मानकों के विपरीत किया जाएगा, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होगी। प्रशासन ने सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपील की है कि वे भवन निर्माण संबंधी नियमों और फायर सेफ्टी मानकों का पूरी तरह पालन करें। इसका उद्देश्य भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना से बचना और जनसुरक्षा सुनिश्चित करना है।
Source link
श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई:मथुरा में तीन व्यावसायिक भवन सील, 10 प्रतिष्ठानों को नोटिस