कोतवाल ने अतिक्रमण हटाया, हुड़दंगियों पर की कार्रवाई:शराब की दुकानों के बाहर अव्यवस्था फैलाने वालों को सख्त चेतावनी


मऊ, नगर कोतवाली क्षेत्र के भीटी बाजार में शनिवार शाम शहर कोतवाल परमेंद्र सिंह ने सड़क पर अतिक्रमण और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान फुटपाथ और सड़क पर कब्जा कर व्यवसाय करने वालों को सख्त हिदायत दी गई, वहीं शराब की दुकानों के बाहर सड़क पर वाहन खड़े कर शराब पीने वालों को मौके से हटाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। नगर कोतवाली प्रभारी परमेंद्र सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ भीटी बाजार में गश्त पर थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए और फुटपाथ पैदल यात्रियों के लिए बने हैं, इसलिए कोई भी व्यक्ति इन पर कब्जा कर आवाजाही में बाधा उत्पन्न न करे। कोतवाल ने सभी व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। इसका उद्देश्य बाजार में जाम की स्थिति से बचना और आम लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी को दूर करना है। अभियान के तहत शहर कोतवाल ने क्षेत्र में स्थित बीयर, देसी और अंग्रेजी शराब की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सड़क पर ई-रिक्शा और दोपहिया वाहन खड़े कर शराब का सेवन कर रहे लोगों को तत्काल वहां से हटाया गया। शराब दुकानों के सेल्समैन और संचालकों को भी कड़ी चेतावनी दी गई। उन्हें निर्देश दिया गया कि उनके ग्राहकों के कारण सड़क पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या यातायात बाधित नहीं होना चाहिए। परमेंद्र सिंह ने कहा कि यदि भविष्य में सड़क पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग या शराब पीकर सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने की कोई शिकायत मिलती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम को मौके पर पहुंचता देख बाजार और शराब की दुकानों के बाहर अफरा-तफरी मच गई। सड़क पर वाहन खड़े किए हुए लोग और सार्वजनिक स्थान पर शराब पी रहे व्यक्ति तुरंत वहां से हटने लगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *