कौशांबी में पूर्व सैनिक सर्राफा कारोबारी से लूट:बदमाशों ने तमंचा दिखाकर 10 हजार नकद, 2 किलो चांदी; 40 ग्राम सोना लूटा


कौशांबी के मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम एक सर्राफा कारोबारी से लूटपाट हुई। बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर पूर्व बीएसएफ सैनिक गणेश प्रसाद सोनी से 10 हजार रुपये नकद, 2 किलो चांदी और 40 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए। जानकारी के अनुसार, मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेसर गांव निवासी पूर्व बीएसएफ सैनिक गणेश प्रसाद सोनी की समदा में दुकान है। शनिवार रात लगभग 8 बजे वह दुकान बंद कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। बराईन का पूरा सोखना तालाब के पास बड़ेसर रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
पीड़ित कारोबारी ने बताया कि दो बदमाश बाइक से उतरे और अवैध तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने गणेश प्रसाद सोनी के बैग से 2 किलो चांदी के आभूषण, 40 ग्राम सोने के आभूषण और 10 हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने उनके साथ मारपीट भी की और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित ने मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पीड़ित व्यापारी ने पुलिस को लिखित तहरीर भी दी है। इस संबंध में मंझनपुर के एसएचओ का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। बदमाशों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा होने का आश्वासन दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *