नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका की परिजनों ने की पिटाई:घर से भागते समय लड़की के परिजनों ने पकड़ा, पुलिस छुड़ाकर थाने लाई


उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र के एक गांव में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब 15 साल की लड़की अपने नाबालिग प्रेमी के साथ घर से जाने का प्रयास कर रही थी। परिजनों ने दोनों को गांव के बाहर पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। मारपीट में किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। अभी किसी ओर से तहरीर नहीं दी गई है। कक्षा 8 में पढ़ने वाली किशोरी और किशोर के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शनिवार को जब दोनों गांव से बाहर निकल रहे थे, तभी परिजनों को इसकी भनक लग गई। परिजनों ने पीछा कर दोनों को गांव के बाहर पकड़ा और उनकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर खखरेरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों नाबालिगों को परिजनों के पास से छुड़ाकर थाने ले आई। थाने में पुलिस ने दोनों से अलग-अलग पूछताछ की और मामले की जानकारी जुटाई। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि दोनों नाबालिग हैं और आपस में रिश्तेदार भी हैं। उनके बीच प्रेम-प्रसंग होने की बात सामने आई है। उन्होंने यह भी बताया कि किशोरी और किशोर दोनों पक्षों के परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों को समझा-बुझाकर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *