![]()
पुलिस भर्ती, रेलवे भर्ती और नीट परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दिल्ली-सहारनपुर और मेरठ-सहारनपुर पर चलाई गई परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया है। ट्रेनों के बंद होने से इस रेलमार्ग पर सफर करने वाले हजारों यात्रियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक दिक्कत उन यात्रियों को हो रही है, जो मार्ग के छोटे स्टेशनों से रोजाना नौकरी, पढ़ाई और अन्य कार्यों के लिए मेरठ, गाजियाबाद, दिल्ली या सहारनपुर आते-जाते हैं। रेलवे बोर्ड ने पुलिस भर्ती, रेलवे भर्ती परीक्षा और नीट परीक्षा को देखते हुए दिल्ली-सहारनपुर तथा मेरठ-सहारनपुर पर छह परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया था। जून के पहले सप्ताह से करीब 15 दिनों तक इन ट्रेनों का संचालन किया गया। सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर ठहराव होने से यात्रियों को लंबे समय बाद बेहतर रेल सुविधा मिली थी। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को उम्मीद जगी थी कि पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ी कई पैसेंजर ट्रेनों के विकल्प के रूप में इन्हें नियमित रूप से चलाया जाएगा। लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद ट्रिप के आधार पर संचालित इन स्पेशल ट्रेनों को भी बंद कर दिया गया। इससे यात्रियों की उम्मीदें टूट गईं और एक बार फिर उन्हें सीमित ट्रेनों में सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। ट्रेनों के बंद होने से मेरठ, दौराला, मुजफ्फरनगर, देवबंद, नागल, टपरी, मोदीनगर, मुरादनगर, गाजियाबाद, साहिबाबाद और आनंद विहार सहित दर्जनों छोटे-बड़े स्टेशनों के यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। दैनिक यात्रियों का कहना है कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के चलते उन्हें समय पर ट्रेन मिल रही थी और भीड़ का दबाव भी कम हुआ था। अब ट्रेनों के बंद होने से दोबारा भीड़ बढ़ गई है और सफर मुश्किल हो गया है। वहीं रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन रेलवे बोर्ड के निर्देश पर किया गया था। इनके संचालन या दोबारा शुरू किए जाने का निर्णय भी रेलवे बोर्ड स्तर पर ही लिया जाएगा। स्थानीय अधिकारी इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी देने से बच रहे हैं। यह थीं परीक्षा स्पेशल ट्रेनें – 04425 नई दिल्ली–सहारनपुर परीक्षा स्पेशल : सुबह 4:40 बजे नई दिल्ली से चलकर सुबह 8:30 बजे सहारनपुर पहुंचती थी।
– 04426 सहारनपुर–नई दिल्ली परीक्षा स्पेशल : सुबह 11:30 बजे सहारनपुर से चलकर शाम 4:20 बजे नई दिल्ली पहुंचती थी।
– 04427 शकूरबस्ती–सहारनपुर परीक्षा स्पेशल : सुबह 5:20 बजे शकूरबस्ती से चलकर सुबह 10:00 बजे सहारनपुर पहुंचती थी।
– 04428 सहारनपुर–शकूरबस्ती परीक्षा स्पेशल : शाम 4:45 बजे सहारनपुर से चलकर रात 9:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचती थी।
– 04429 शकूरबस्ती–सहारनपुर परीक्षा स्पेशल : सुबह 10:50 बजे शकूरबस्ती से चलकर दोपहर 3:30 बजे सहारनपुर पहुंचती थी।
– 04430 सहारनपुर–नई दिल्ली परीक्षा स्पेशल : शाम 5:45 बजे सहारनपुर से चलकर रात 10:30 बजे नई दिल्ली पहुंचती थी। इन सभी ट्रेनों का आनंद विहार, साहिबाबाद, गाजियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर, मेरठ, दौराला, मुजफ्फरनगर, देवबंद, नागल, टपरी सहित मार्ग के सभी प्रमुख और छोटे स्टेशनों पर ठहराव था, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिल रहा था।
Source link
परीक्षा स्पेशल ट्रेनें बंद, हजारों यात्रियों की बढ़ी परेशानी:मेरठ-दिल्ली और सहारनपुर रूट पर सफर फिर हुआ मुश्किल