![]()
मेरठ शहर में लावारिस कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को पांडवनगर और कोटला बाजार में महिला और किशोर समेत चार लोगों पर कुत्तों ने हमला कर उन्हें घायल कर दिया। लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से लोगों में दहशत है और नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
कोटला बाजार स्थित गुरुद्वारा मोड़ के पास एसके किराना स्टोर पर काम करने वाले गुदड़ी बाजार निवासी 17 वर्षीय कासिफ पर शुक्रवार शाम एक लावारिस कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने उसके पैर को बुरी तरह नोच लिया, जिससे काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाया और घायल किशोर को तुरंत प्यारेलाल अस्पताल पहुंचाकर एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगवाया। व्यापारियों का कहना है कि हमलावर कुत्ते के मुंह से लाल रंग का तरल पदार्थ निकल रहा था, जिससे लोगों में और अधिक भय का माहौल है। उधर पांडवनगर में रेनू, विशु समेत तीन लोगों को लावारिस कुत्तों ने काटकर घायल कर दिया। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम की टीम मौके पर नहीं पहुंचती। पांडवनगर समिति के पदाधिकारी महेश चंद्र शर्मा ने कहा कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आए दिन लोग उनका शिकार बन रहे हैं।
शहर में डॉग बाइट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। पीएल शर्मा जिला अस्पताल के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष 55,120 लोगों को कुत्तों ने काटा था, जबकि इस वर्ष अप्रैल तक ही करीब 18 हजार लोग डॉग बाइट का शिकार हो चुके हैं। यानी औसतन हर दिन 151 लोग कुत्तों के हमले का शिकार बन रहे हैं। इनमें वे लोग शामिल नहीं हैं जिन्होंने निजी अस्पतालों में इलाज कराया।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमर सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर कुत्तों को पकड़ती है। नियमानुसार उनकी नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण के बाद उन्हें उसी क्षेत्र में छोड़ा जाता है।
Source link
मेरठ में लगातार बढ़ रहा लावारिस कुत्तों का आतंक:एक दिन में 150 से ज्यादा को काटा, लोगों में दहशत