![]()
मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के सरस्वती लोक स्थित लवकुश मार्केट में शुक्रवार रात एक डेयरी कर्मचारी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। युवक की उम्र 20 वर्ष बताई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतक की पहचान नूर नगर, थाना लिसाड़ी गेट निवासी मनीष पुत्र धर्मपाल के रूप में की है। मनीष लवकुश मार्केट में स्थित गढ़वाल डेयरी में कार्यरत था और डेयरी के ऊपर बने कमरे में ही रहता था। शुक्रवार शाम जब वह काफी देर तक नीचे नहीं आया, तो लोगों ने कमरे में जाकर देखा। वहां मनीष फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। फॉरेंसिक टीम ने कमरे का गहनता से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया गया। प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। गढ़वाल डेयरी के संचालक हिमांशु पाल हैं। मनीष काफी समय से उनकी डेयरी पर काम कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिवार में शोक का माहौल है। ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी राजेश कंबोज ने बताया कि युवक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। यदि जांच में कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उसी के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठ में डेयरी कर्मचारी ने कमरे में लगाई फांसी:लवकुश मार्केट में हड़कंप, पुलिस मौत की वजह तलाश रही