लखनऊ अग्निकांड, दिव्यांग एकता मंच ने छात्रों को दी श्रद्धांजलि:आगरा में शोक सभा आयोजित, सुरक्षा मानकों पर सख्त कार्रवाई की मांग


लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड में छात्र-छात्राओं की मृत्यु पर आगरा में शोक सभा का आयोजन किया गया। शुक्रवार को शाम लगभग 4:00 बजे आगरा-ग्वालियर रोड स्थित ककुआ में भारतीय दिव्यांग एकता मंच ने यह शोक सभा आयोजित की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र सविता के नेतृत्व में दिव्यांग सदस्यों ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और पांच बार गायत्री मंत्र का सामूहिक जाप किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भाजपा दिव्यांग प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सविता ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद एवं अपूरणीय क्षति बताया। सविता ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर संचालित हो रहे अवैध कोचिंग संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव राजेंद्र बघेल ने भी हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए सभी शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया। शोक सभा में उपस्थित दिव्यांग पदाधिकारियों एवं छात्रों ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इस अवसर पर फरीन खान, पवन तोमर, राजेंद्र सिंह, भूरी सिंह शर्मा, रवींद्र भगौर, कुमार सैन, भरत, अंजलि शर्मा, सोनिया, पूजा, कमल देवी, योगेंद्र, सुषमा एवं जाहिद सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *