![]()
बलिया कलेक्ट्रेट में बुधवार को अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की सदस्यों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम बसंतपुर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित सरकारी शराब की दुकान और अवैध शराब भट्ठियों को हटाने की मांग उठाई। महिलाओं ने जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन डीएम प्रतिनिधि को सौंपा। उनका कहना है कि बसंतपुर और आसपास के गांवों में अधिकांश लोग भूमिहीन मजदूर हैं, जो रोजाना मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गांव के पास शराब की दुकान खुलने से मजदूरों में शराब की लत बढ़ रही है।
समिति की सदस्यों ने चिंता जताई कि अब छोटे और कम उम्र के बच्चे भी शराब की चपेट में आ रहे हैं, जिससे परिवारों की स्थिति बिगड़ती जा रही है। उन्होंने एक घटना का भी जिक्र किया, जिसमें एक मजदूर ने नशे में अपनी पत्नी की पिटाई कर उसकी जान ले ली। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सरकारी शराब की दुकान और अवैध भट्ठियों को नहीं हटाया गया, तो क्षेत्र में गंभीर सामाजिक और पारिवारिक समस्याएं बढ़ सकती हैं। समिति ने जिला प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो महिलाएं आंदोलन करने को मजबूर होंगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
Source link
बलिया में महिलाओं का प्रदर्शन, शराब दुकान हटाने की मांग:डीएम प्रतिनिधि को सौंपा ज्ञापन, अवैध भट्ठियों पर कार्रवाई की मांग