गोंडा में मरीज की मौत पर परिजनों का हंगामा:हाइड्रोसील ऑपरेशन के 24 घंटे बाद तोड़ा दम, बिना अनुमति ऑपरेशन का आरोप


गोंडा जिले में हाइड्रोसील के ऑपरेशन के 24 घंटे के भीतर एक मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टर पर बिना अनुमति ऑपरेशन करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। यह घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री अस्पताल में आज शुक्रवार सुबह 12 बजे हुई है। डीएम कार्यालय में चपरासी रवि प्रकाश ने अपने 65 वर्षीय पिता पीतांबर प्रसाद को इलाज के लिए गायत्री अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टर मनोज मिश्रा ने जांच के बाद हाइड्रोसील का ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी। परिजनों ने पीतांबर प्रसाद को आयुष्मान कार्ड के तहत ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों का आरोप है कि कल गुरुवार शाम करीब 7 बजे पीतांबर प्रसाद को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया और बिना उनकी अनुमति या हस्ताक्षर लिए ऑपरेशन कर दिया गया। ऑपरेशन के लगभग 24 घंटे बाद शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पीतांबर प्रसाद की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने तुरंत केबिन में बैठे डॉक्टर मनोज मिश्रा को बुलाया, लेकिन आरोप है कि डॉक्टर मरीज को देखने नहीं आए। इसी दौरान पीतांबर प्रसाद की मौत हो गई। पिता की मौत के बाद रवि प्रकाश और उनके परिवार के सदस्यों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टर मनोज मिश्रा पर लापरवाही और बिना अनुमति ऑपरेशन करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। आवास विकास कॉलोनी निवासी रवि प्रकाश ने बताया कि उन्होंने 25 जून को सुबह अपने पिता को अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने आयुष्मान कार्ड से ऑपरेशन होने की बात कही थी। उन्होंने दोहराया कि ऑपरेशन से पहले उनसे कोई हस्ताक्षर नहीं लिए गए और उनकी अनुमति के बिना ही ऑपरेशन कर दिया गया। कल शाम को 7:00 हमारे पिता का ऑपरेशन किया है और आज 10:30 के करीब हमारे पिता की मौत हो गई है। हालात बिगड़ने पर डॉक्टर केबिन में अपने बैठे रहे मेरा भाई बुलाने गया चलिए देख लीजिए हमारे पिता सीरियस हैं लेकिन डॉक्टर देखने के लिए नहीं आए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *