![]()
बलरामपुर में पोलियो और संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए अर्बन टास्क फोर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को नगर पालिका परिषद सभागार में आयोजित की गई। इस बैठक में 28 जून से शुरू होने वाले पल्स पोलियो अभियान और 1 जुलाई से 30 जुलाई तक चलने वाले संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की व्यापक रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार कोई भी बच्चा पोलियो खुराक से वंचित नहीं रहेगा और संचारी रोगों को फैलने से रोका जाएगा। बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी चौधरी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार चौधरी, डॉ. हिमांशु कुमार श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट समीर अहमद सिद्दीकी, डॉ. आकाश सिंह, बाल विकास परियोजना कार्यालय से इंदु सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रतिनिधि अरुण मिश्रा और यूनिसेफ मॉनिटर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। इसमें बूथ संचालन, घर-घर भ्रमण, माइक्रोप्लानिंग और जन जागरूकता कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने का संकल्प लेते हुए कहा कि हर पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि 1 से 10 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान और 10 से 30 जुलाई तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान मच्छरजनित व जलजनित रोगों की रोकथाम, स्वच्छता जागरूकता, बुखार के मरीजों की पहचान, दस्त रोग नियंत्रण और आमजन को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, नगर पालिका, शिक्षा विभाग और बाल विकास परियोजना के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि डी.पी. सिंह बैस के निर्देश पर नगर क्षेत्र में व्यापक जन जागरूकता अभियान चलाने, स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने और स्वास्थ्य विभाग को हरसंभव सहयोग देने का निर्णय लिया गया।
Source link
बलरामपुर में पोलियो, संचारी रोग अभियान की रणनीति तैयार:28 जून से घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य की दस्तक, टास्क फोर्स सक्रिय