![]()
बुलंदशहर के सदर विधायक प्रदीप चौधरी ने अधिवक्ताओं की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। अधिवक्ताओं ने विधायक से मुलाकात कर अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा था, जिसमें स्टाम्प अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण रजिस्ट्री कार्य ठप होने से जनता को हो रही परेशानी और राजस्व हानि का मुद्दा उठाया गया। अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने विधायक चौधरी को जनहित और अधिवक्ता हित से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। विधायक ने इन समस्याओं की गंभीरता को समझते हुए तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर वकीलों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई और समाधान का अनुरोध किया है। विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि जनता और समाज के सभी वर्गों की समस्याओं का समय पर निराकरण कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और उनकी न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
ज्ञापन सौंपते समय अधिवक्ताओं ने बताया कि पिछले कई दिनों से स्टाम्प अधिवक्ता हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल के कारण तहसील परिसर में रजिस्ट्रियों (बैनामे) का काम पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। बैनामे रुकने से आम जनता को जमीन-जायदाद की खरीद-बिक्री में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही राज्य सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई है कि विधायक के इस त्वरित हस्तक्षेप और मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र के बाद उनकी मांगों पर जल्द विचार होगा, जिससे हड़ताल समाप्त होने और रजिस्ट्री कार्य पुनः शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा।
Source link
बुलंदशहर विधायक ने सीएम को लिखा पत्र:वकीलों की समस्याओं और ठप रजिस्ट्री पर कार्रवाई की मांग