फर्जी ई-टिकट पर यात्रा कर रहे 8 यात्री गिरफ्तार:बस्ती रेलवे स्टेशन पर आधार कार्ड, QR कोड में हेराफेरी मिली


बस्ती रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम ने स्पेशल टास्क टीम (एसटीटी) लखनऊ के सहयोग से बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान फर्जी ई-टिकट पर यात्रा कर रहे आठ यात्रियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में उनके टिकटों में आधार कार्ड और क्यूआर कोड से छेड़छाड़ पाई गई, जिसके बाद सभी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक रशीद बेग मिर्जा ने बताया कि उन्हें गोरखपुर-एलटीटी एक्सप्रेस ट्रेन में कुछ यात्रियों द्वारा दूसरों के नाम से बुक कराए गए ई-टिकट पर सफर करने की सूचना मिली थी। मंगलवार रात करीब 12 बजे ट्रेन के बस्ती स्टेशन पहुंचने पर संयुक्त टीम ने एस-3 कोच में छापेमारी की। इस दौरान सुनील गुप्ता, रीना, सतेंद्र सिंह, हरकेश यादव, फैजान अहमद और ईश्वर चंद सहित छह यात्री फर्जी टिकटों पर यात्रा करते हुए पाए गए। ये सभी बस्ती से मुंबई तक के स्लीपर कोच के टिकट पर थे, लेकिन उनके टिकटों पर दर्ज विवरण और पहचान पत्रों में विसंगतियां मिलीं। इसी क्रम में, मंगलवार शाम करीब सात बजे कुशीनगर एक्सप्रेस ट्रेन के बस्ती स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ उप निरीक्षक कमलेश कुमार यादव के नेतृत्व में एक और कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर एस-1 कोच की जांच की गई, जिसमें मोहम्मद यूसुफ (निवासी बस्ती) और सनाउल्लाह (निवासी सिद्धार्थनगर) नामक दो यात्री तत्काल टिकटों पर नाम संपादित कर यात्रा करते हुए मिले। इन दोनों यात्रियों के टिकट खलीलाबाद से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) तक के थे। आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, जांच में सभी आठ यात्रियों के टिकट अन्य व्यक्तियों के नाम से बुक पाए गए थे, और उनमें आधार कार्ड तथा क्यूआर कोड में बदलाव किया गया था। सभी आठ यात्रियों के विरुद्ध रेल अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अब इस फर्जी टिकट नेटवर्क से जुड़े दलालों और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *