![]()
बांदा में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चचेरे भाई और बहनोई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब तीनों एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। कमासिन थाना क्षेत्र के ओझा नगर लोहरा गांव निवासी रोहित (20) अपने चचेरे भाई संदीप (20) और बहनोई के साथ बुधवार शाम 7 बजे बिसंडा थाना क्षेत्र के घुरौंडा गांव जा रहा था। रास्ते में अमवा मोड़ के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बोलेरो ने सड़क पर गिरे रोहित को कुचल दिया। बोलेरो का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में संदीप और रोहित के बहनोई भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और तीनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसंडा ले जाया गया। चिकित्सकों ने रोहित की गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है। चाचा प्रीतम ने बताया कि रोहित गुजरात में मजदूरी करता था। वह अपनी चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए करीब 12 दिन पहले ही गुजरात से घर लौटा था। रोहित दो भाइयों में बड़ा था और अविवाहित था। उसकी अचानक मौत से परिवार में गहरा शोक है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे के समय बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिसके कारण सिर में गंभीर चोटें आईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
शादी में जा रहे युवक की बोलेरो से कुचलकर मौत:बांदा में दो साथी घायल, गाड़ी लेकर ड्राइवर फरार