संभल में कल 5 घंटे बिजली नहीं आएगी:चंदौसी चौराहे का होगा चौड़ीकरण, 12 मोहल्ले के 2 लाख लोगों को होगी परेशानी


संभल शहर में गुरुवार को पांच घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण और चौड़ीकरण कार्य के कारण यह फैसला लिया गया है, जिससे लगभग डेढ़ से दो लाख की आबादी प्रभावित होगी। विद्युत विभाग संभल के एसडीओ जयप्रकाश वार्ष्णेय ने बुधवार रात 9:30 बजे विद्युत उपभोक्ताओं के लिए एक पत्र जारी किया। इसके अनुसार, गुरुवार सुबह 6:30 बजे से 11 बजे तक विद्युत आपूर्ति बंद रहेगी। इस दौरान चंदौसी चौराहे पर दो ट्रांसफार्मर, 11,000 केवी की हाईटेंशन लाइन और खंभों को शिफ्ट किया जाएगा। बिजली आपूर्ति 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र संभल (टाउन) और 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र तहसील से बंद की जाएगी। इससे संभल शहर के हल्लू सराय, बरेली सराय, दुर्गा कॉलोनी, सरथल चौकी, जगत, कोर्ट गर्वी, कोट पूर्वी, मैन बाजार चमन सराय, मौहल्ला ठेर, सर्राफा बाजार, शेर खां सराय और चंदौसी रोड का पूरा क्षेत्र प्रभावित होगा। लगभग 1 साल पहले चंदौसी चौराहे के सौंदर्यीकरण के लिए अभियान चलाकर दुकानों को हटाया गया था और पुलिस बूथ भी स्थानांतरित किया गया था। 15वें वित्त आयोग से चंदौसी चौराहे पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा स्थापित की जानी है। चौराहे के तंग होने के कारण यह कार्य रुका हुआ था। बिजली लाइनों की शिफ्टिंग के बाद चौराहे का सौंदर्यीकरण पूरा होगा और प्रतिमा की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *