लखनऊ अग्निकांड के मासूमों को श्रद्धांजलि दी गई:दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, सपा सांसद बोले- सुरक्षा मानकों से समझौता करने वालों पर हो कार्रवाई


मुजफ्फरनगर में लखनऊ के दर्दनाक अग्निकांड में जान गंवाने वाले 15 मासूम बच्चों की याद में गुरुवार देर शाम करीब 8 बजे ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के तत्वावधान में झांसी रानी पार्क में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा में मौजूद लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने कहा कि इन 15 बच्चों की मौत केवल एक हादसा नहीं, बल्कि सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जिन मासूमों ने अपनी जान गंवाई, वे अपने-अपने परिवारों की उम्मीद और भविष्य थे। चंद लोगों की लापरवाही और लालच ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। सभा में सरकार से मांग की गई कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक बच्चों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई। कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के लोकसभा सांसद हरेंद्र मलिक ने भी मृतक बच्चों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि लखनऊ अग्निकांड के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। सांसद हरेंद्र मलिक ने मुज़फ्फरनगर में प्रशासन द्वारा होटलों, कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक भवनों की सुरक्षा जांच की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी चेकिंग लगातार जारी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी भवन निर्धारित मानकों के अनुसार बनने चाहिए ताकि हादसों को रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति नहीं, बल्कि प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए। ऑल इंडिया एंटी करप्शन सर्विस ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार को ऐसे मामलों में कठोर कानून लागू करने चाहिए ताकि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में किसी मासूम की जान इस तरह न जाए। श्रद्धांजलि सभा में सपा सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष विक्की चावला, जिला महामंत्री मोहम्मद नदीम अंसारी, विपिन सिंघल, राजकुमार कालरा, पवन बंसल, प्रदीप उतरेजा, अजय सिंघल, कृष्ण गोपाल मित्तल, विजेंद्र अरोड़ा, सुरेंद्र सिंह गंभीर, संजय गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *