विंध्याचल में ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत:वाराणसी से श्रद्धालुओं को लेकर आया था, गोरखपुर का रहना वाला था


मिर्जापुर के विंध्याचल थाना क्षेत्र में पटेंगरा नाला स्थित एक निजी वाहन स्टैंड पर बुधवार को एक चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान गोरखपुर के खोराबार निवासी पीतांबर शुक्ला (45) पुत्र पन्ने लाल के रूप में हुई है। वह क्रूज़र वाहन संख्या UP 65 ET 8067 से वाराणसी से श्रद्धालुओं को मां विंध्यवासिनी धाम दर्शन के लिए लेकर आया था। जानकारी के अनुसार, चालक ने श्रद्धालुओं को पटेंगरा नाला स्थित वाहन स्टैंड पर उतारा और कहीं चला गया। इस दौरान श्रद्धालु मुंडन संस्कार और दर्शन-पूजन के लिए मंदिर चले गए। जब यात्री वापस लौटे, तो उन्होंने चालक को कथित तौर पर नशे की हालत में पाया। इसके बावजूद, सभी यात्री वाहन में बैठकर रवाना होने लगे। हालांकि, वाहन चलाते समय चालक ने एक-दो अन्य वाहनों में टक्कर मार दी। इस घटना और गर्मी से घबराकर यात्री वाहन से उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ने वाहन को वापस स्टैंड में खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद वह वाहन के अंदर ही अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर धाम चौकी प्रभारी अजय कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान चालक की मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जो गोरखपुर से मिर्जापुर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। फिलहाल, मामले की जांच की जा रही है और मौत की परिस्थितियों को लेकर विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *