मुख्यमंत्री योगी 26 जून को देवरिया में जनसभा करेंगे:विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, तैयारियां तेज


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 26 जून को देवरिया जनपद के बरहज और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित बरांव-नेतवार क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जिले की कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं। जनसभा में बहुप्रतीक्षित सोनूघाट-बरहज फोरलेन परियोजना का उद्घाटन प्रमुख आकर्षण होगा। यह परियोजना क्षेत्रीय यातायात और विकास को नई गति प्रदान करने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री जिला मुख्यालय से लगभग 22 किलोमीटर दूर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर तीन बड़े हैंगर और विशाल पंडाल लगाए जा रहे हैं, ताकि सभा में आने वाले लोगों को असुविधा न हो। टेंट, कुर्सियां, कारपेट और अन्य आवश्यक सामग्री लगातार कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रही है। लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमि समतलीकरण और हेलीपैड निर्माण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक काली प्रसाद ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, हेलीपैड, पार्किंग और आवागमन मार्गों की व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं और आम जनता में उत्साह है तथा यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। इससे पूर्व जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, आईजी अशोक मूथा जैन तथा डीआईजी एस. चनप्पा ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत बीडीओ की देखरेख में व्यापक सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। सफाई कर्मी सुबह से ही कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों को व्यवस्थित करने में जुटे हैं। प्रशासन का दावा है कि मुख्यमंत्री के दौरे को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएंगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *