कानपुर देहात में अवैध खनन पर कार्रवाई:विशेष अभियान में 9 वाहनों से ₹5.20 लाख से ज्यादा जुर्माना वसूला


कानपुर देहात में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन का विशेष अभियान जारी है। इसी कड़ी में 23 जून की दोपहर से 24 जून तक निदेशालय लखनऊ की टीम और खान विभाग ने कानपुर-झांसी राजमार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए नौ वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 5.20 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश पर निदेशालय लखनऊ की टीम और खान अधिकारी सुभाष सिंह ने यह संयुक्त कार्रवाई की। अभियान के दौरान लगभग 150 वाहनों की जांच की गई। इनमें से नौ वाहन बिना वैध परिवहन प्रपत्र, जैसे एमएम-11 और ई-रवन्ना, के मौरंग का परिवहन करते पाए गए। खनन विभाग ने तत्काल इन सभी नौ वाहनों का ऑनलाइन चालान किया। इन पर कुल 5 लाख 20 हजार 740 रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर ही सरकारी खजाने में जमा करा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन, अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को नियमित निगरानी बढ़ाने और प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य सरकारी राजस्व की हानि को रोकना और खनन नियमों का कड़ाई से पालन कराना है। प्रशासन ने दोहराया कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *