सपा प्रतिनिधिमंडल शिवानंद के परिजनों से मिला:अमेरिकी हमले में गई थी जान, परिवार को न्याय का भरोसा दिया


समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को देवरिया जनपद के सुरौली गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिका द्वारा यमन में किए गए मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले नाविक शिवानंद चौरसिया के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। नेताओं ने शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और परिवार की समस्याओं को सुना। सपा नेताओं ने कहा कि शिवानंद चौरसिया का निधन केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और देश के लिए एक बड़ी क्षति है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समाजवादी पार्टी इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके न्याय तथा अधिकारों की लड़ाई में हर स्तर पर सहयोग करेगी। प्रतिनिधिमंडल ने केंद्र सरकार से मांग की कि विदेशों में कार्यरत भारतीय नागरिकों और नाविकों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। साथ ही पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक सहायता, सुरक्षा और सम्मान प्रदान किया जाए। नेताओं ने जोर दिया कि विदेशों में कार्यरत भारतीयों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस प्रतिनिधिमंडल में सपा जिलाध्यक्ष व्यास यादव, रामाशंकर राजभर, पूर्व विधायक एवं राष्ट्रीय सचिव सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, पूर्व विधायक दीनानाथ कुशवाहा, पूर्व प्रत्याशी अजय प्रताप उर्फ पिंटू सिंह, वरिष्ठ नेता सुदर्शन चौरसिया तथा विधानसभा अध्यक्ष आफताब आलम सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि घटना से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी, ताकि आगे की कार्रवाई और परिवार की सहायता के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *