औसानेश्वर मंदिर में दो सगे भाइयों की मौत:नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में डूबे, गोताखोरों ने शव निकाला


बाराबंकी के औसानेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने आए दो सगे भाइयों की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में हुई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान लोनीकटरा थाना क्षेत्र के बुढ़नापुर गांव निवासी अशोक कुमार पांडे के पुत्र ऋतिक पांडेय उर्फ हैप्पी (14) और गजेंद्र उर्फ हनी (18) के रूप में हुई है। दोनों भाई मंदिर में दर्शन के बाद स्नान घाट पर नदी में नहाने उतरे थे।
स्नान के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तक लोग घटना को समझ पाते, तब तक दोनों भाई नदी की गहराई में समा चुके थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से घंटों तलाश अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। प्रभारी निरीक्षक अनिल पांडे ने बताया कि दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *