लखनऊ अलीगंज अग्निकांड:आज बिल्डिंग पर चस्पा होगा नोटिस, शहरभर में जांच अभियान


लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। एलडीए की टीम बुधवार को हादसे वाली बिल्डिंग पर नोटिस चस्पा करेगी। इसके साथ ही शहर के अलग-अलग इलाकों में कोचिंग सेंटर, लाइब्रेरी, होटल, नर्सिंग होम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर सभी जोनों में टीमें गठित की गई हैं। अधिकारी मौके पर पहुंचकर भवन के स्वीकृत मानचित्र, उपयोग, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन निकास की स्थिति की जांच करेंगे। जांच में यदि मानचित्र के विपरीत निर्माण या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिला तो संबंधित भवनों के खिलाफ सीलिंग समेत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अलीगंज अग्निकांड के बाद सबसे पहले हादसे वाली बिल्डिंग पर नोटिस चस्पा कर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद शहरभर में चलने वाले अभियान में उन संस्थानों को प्राथमिकता दी जाएगी जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। एलडीए यह भी जांच करेगा कि भवनों में फायर विभाग के निर्धारित मानकों का पालन हो रहा है या नहीं, अग्निशमन उपकरण उपलब्ध हैं या नहीं और आपात स्थिति में लोगों के सुरक्षित निकास की पर्याप्त व्यवस्था है या नहीं। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *