![]()
लखनऊ में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड के बाद मथुरा प्रशासन एलर्ट पर आ गया। अधिकारियों की अलग अलग टीम ने मथुरा वृंदावन में व्यवसायिक इमारतों का निरीक्षण करते हुए कार्यवाही की। मथुरा में सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में 12 इमारतों का निरीक्षण किया गया तो वृंदावन में विकास प्राधिकरण की टीम ने 16 गेस्ट हाउस सील कर दिए। इस कार्यवाही से मानकों के विपरीत चल रहे व्यवसायिक भवन स्वामियों में हड़कंप मच गया। 10 कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी की सील मंगलवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में फायर,विकास प्राधिकरण और पुलिस की टीम BSA इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर पहुंची। यहां 3 दर्जन से ज्यादा कोचिंग,लाइब्रेरी और गेस्ट हाउस बने हुए हैं। टीम ने यहां 19 इमारतों का निरीक्षण किया। जिसमें से 12 को सील कर दिया। टीम ने यहां 6 कोचिंग,4 लाइब्रेरी,एक रेस्टोरेंट और एक होटल को सील किया। नहीं हो रहा था मानकों के अनुरूप संचालन निरीक्षण के दौरान टीम ने फायर सेफ्टी मानकों, सुरक्षा मानकों एवं आपातकालीन निकासी व्यवस्था तथा आवश्यक अनापत्तियों की गहनता पूर्वक जांच की गई। जांच में पाया गया कि कई कोचिंग संस्थानों के पास फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं है एवं कुछ संस्थानों के आपातकालीन निकास के रास्ते बंद थे या बेहद संकरे थे, जो किसी भी हादसे के वक्त बेहद जानलेवा साबित हो सकते हैं। सुरक्षा मानकों की इस गंभीर स्थिति के दृष्टिगत नगर मजिस्ट्रेट ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर ही 6 कोचिंग संस्थानों एवं 4 पुस्तकालयों को सील करने के आदेश दिये, जिन पर तत्काल ही सीलिंग की कार्यवाही की गयी। होटल,रेस्टोरेंट को भी किया चैक निरीक्षण के दौरान मार्ग पर व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, होटल व रेस्टोरेन्ट की भी जांच की गई है। फायर सेफ्टी, सुरक्षा और एनओसी से जुड़े मानकों में कमियां पाए जाने पर 1 होटल एवं 1 रेस्टोरेन्ट को मौके पर ही सील करा दिया गया है एवं अन्य को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान सभी प्रतिष्ठानों के संचालकों को यह स्पष्ट किया गया कि फायर सेफ्टी, सुरक्षा और एनओसी से जुड़े मानकों को पूर्ण रूप से लागू कराकर ही प्रतिष्ठानों का संचालन करें। बेसमेंट में चल रही थी लाइब्रेरी व्यवसायिक इमारतों का निरीक्षण करने जब टीम BSA इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर पहुंची तो वहां उनको कई जगह बेसमेंट में लाइब्रेरी चलती मिली। यहां एक स्थान पर तो बेसमेंट में जाने वाले रास्ते को लकड़ी के पट्टों से बंद किया हुआ था। कार्यवाही की आहट सुनते ही संचालक ताला लगाकर मौके से भाग गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने शक होने पर जब ताला तुड़वाया और नीचे जाकर देखा तो वह अचंभित रह गए। 100 से ज्यादा छात्रों के बैठने की थी व्यवस्था लाइब्रेरी में टीम ने जब वहां देखा तो वहां इतनी जगह नहीं थी कि आसानी से मूवमेंट किया जा सके। वहां 96 छात्रों को बैठने की व्यवस्था की गई थी। लाइट जाने पर वहां अंधेरा इस कदर हो जाए कि पता ही न चले कि दिन है या रात। इस तरह के कमरे में स्टूडेंट 8 से 10 घंटे बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। ऐसी ही एक और लाइब्रेरी मिली। जहां एंट्री के लिए थंब एक्सिस था और एंट्री गेट मुश्किल से ढाई फीट का होगा। यहां अंदर 120 स्टूडेंट के बैठने की व्यवस्था की गयी थी। इस लाइब्रेरी में कुछ फायर सिलेंडर जरूर रखे नजर आए। आकाश इंस्टीट्यूट कोचिंग सेंटर किया सील BSA इंजीनियरिंग कॉलेज रोड पर कार्यवाही करने के बाद टीम भूतेश्वर स्थित अतुल टावर में चल रहे आकाश इंस्टीट्यूट कोचिंग सेंटर पहुंची। यहां टीम को एंट्री के लिए लोहे की सीढ़ी लगी नजर आईं। मौके पर मिले स्टॉफ ने बताया यहां 600 से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं। टीम ने यहां निरीक्षण किया तो खामियां नजर आईं जिसके बाद सेंटर को सील कर दिया गया। विकास प्राधिकरण की कार्यवाही से मचा हड़कंप मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण की टीम ने वृंदावन में कार्यवाही की। टीम ने चैतन्य बिहार इलाके में बने होटल गेस्ट को चेक किया। यहां टीम ने 16 गेस्ट हाउस को सील कर दिया। इन सभी में अग्नि सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया जा रहा था। टीम ने यहां गोविंद हरे धाम,कृष्णा कृपा पैलेस,राधा पैलेस,B S रेजिडेंसी, नितेश, ओम धाम आश्रम,यदुवंशी धाम,श्री ठाकुर जी धाम,राधारानी कांप्लेक्स,होटल विष्णु धाम, प्रेम धाम आश्रम,शारदा रेजिडेंसी,A R होम स्टे,श्री मान सिंह,रमेशम रेजिडेंसी के अलावा आश्रया गेस्ट हाउस को सील कर दिया। बिना अग्नि सुरक्षा मानकों के नहीं होगा संचालन सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा ने बताया कि सभी भवन स्वामी और संचालकों को कड़ी चेतावनी दी गई है कि तत्काल अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करें और नियमानुसार संचालित किए जा रहे उपयोग के मानचित्र के दस्तावेज प्रस्तुत करें। आदेश का उल्लंघन करने और सील को क्षति पहुंचाने या व्यावसायिक गतिविधि जारी रखी गई तो संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
Source link
मथुरा में व्यवसायिक इमारतों पर प्रशासन की कार्यवाही:सिटी मजिस्ट्रेट ने 12 इमारतों पर की कार्यवाही, विकास प्राधिकरण ने 16 गेस्ट हाउस किए सील