![]()
पीलीभीत में संपत्ति विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कोतवाली क्षेत्र के बिलगवां गांव में बेटों ने अपने पिता और सौतेली मां पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पिता को गोली लग गई, जबकि सौतेली मां चाकू के वार से गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, बिलगवां गांव निवासी दयाशंकर की पहली पत्नी मीना देवी का दो वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पहली पत्नी से उनके तीन बेटे अभिषेक (22), संजू (19) और अरुण बाबू (16) हैं। पत्नी की मृत्यु के बाद दयाशंकर ने ललिता देवी से दूसरी शादी कर ली थी, जिसका उनके बेटे विरोध करते थे। बताया जा रहा है कि दयाशंकर ने हाल ही में अपनी कुछ जमीन बेचकर रुद्रपुर में एक मकान खरीदा था और उसे अपनी दूसरी पत्नी ललिता देवी के नाम कर दिया था। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। तमंचे से फायरिंग, पेट में गोली लगी आरोप है कि सोमवार रात बड़ा बेटा अभिषेक, छोटा बेटा अरुण बाबू और उनका एक साथी दयाशंकर के घर पहुंचे। उन्होंने दयाशंकर और ललिता देवी पर चाकू से हमला कर दिया। दयाशंकर का आरोप है कि इस दौरान तमंचे से फायरिंग भी की गई, जिसमें उन्हें पेट के दाहिने हिस्से में गोली लगी, जो आर-पार हो गई। पति को बचाने के लिए बीच में आईं ललिता देवी पर भी आरोपियों ने चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के दौरान ललिता की बेटी गुनगुन के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़े बेटे अभिषेक को हिरासत में ले लिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवेंद्र कुमार ने बताया कि मामला पारिवारिक और संपत्ति विवाद से जुड़ा है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बेटों ने पिता और सौतेली मां पर किया जानलेवा हमला:संपत्ति विवाद में पिता को गोली लगी, चाकू से किए वार