![]()
लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में एक कोचिंग संस्थान में हुए भीषण अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक केंद्रों में सुरक्षा मानकों को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसका सीधा असर प्रयागराज के प्रमुख कोचिंग हब कटरा, अल्लापुर, सलोरी, गोविन्दपुर और यूनिवर्सिटी रोड पर पड़ा है। इन क्षेत्रों की अधिकांश कोचिंग संस्थानों में सन्नाटा पसरा हुआ है। कई संस्थानों पर ताले लटके हैं, जबकि कुछ के कार्यालय खुले हैं लेकिन कक्षाएं बंद हैं। कटरा स्थित अड्डा 247 और आजाद आईएएस (Azad IAS) जैसे बड़े कोचिंग संस्थानों में भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी साफ दिख रही है। इन संस्थानों में अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों का अभाव है। आग जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पाइप या पानी की कोई ठोस व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। अधिकांश संस्थानों के भीतर अग्निशमन उपकरणों की भारी कमी पाई गई है। इस संवेदनशील मुद्दे पर कई संस्थान प्रबंधन के लोगों ने मीडिया के सामने प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। इन कोचिंग संस्थानों में एसएससी (SSC), बैंक, यूपीएसआई (UPSI), यूपीपी (UPP), रेलवे और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हजारों छात्र आते हैं। अब इन छात्रों की सुरक्षा एक बड़ा प्रश्न बनकर उभरी है। लखनऊ की घटना ने अभिभावकों और स्थानीय प्रशासन के सामने एक गंभीर चेतावनी खड़ी कर दी है। सामान्यतः शाम के समय इन कोचिंग संस्थानों के बाहर छात्रों की भारी भीड़ रहती है, लेकिन मौजूदा स्थिति में ये स्थान पूरी तरह सुनसान नजर आ रहे हैं।
Source link
लखनऊ अग्निकांड: प्रयागराज की कोचिंगों में लगा ताला:अब संस्थानों की सुरक्षा पर बढ़ा दबाव