शिवानंद चौरसिया को शहीद का दर्जा देने की मांग:सपा कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि, परिवार को आर्थिक सहायता की मांग


देवरिया में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार देर शाम सात बजे सुभाष चौक पर दिवंगत शिवानंद चौरसिया को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन्हें शहीद का दर्जा देने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने शिवानंद चौरसिया के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि सरकार को शिवानंद चौरसिया के परिवार के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए उन्हें शहीद का दर्जा प्रदान करना चाहिए। उन्होंने परिवार को सम्मानजनक आर्थिक सहायता और अन्य सरकारी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की मांग की। सपा नेताओं ने यह भी कहा कि पार्टी शिवानंद चौरसिया के परिजनों को न्याय दिलाने और उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी। कार्यकर्ताओं ने सरकार से परिवार के पुनर्वास और आर्थिक सुरक्षा के लिए विशेष पैकेज की भी मांग की। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सपा नेता विजय रावत, अवनीश यादव, मनोज यादव, सयूस के जिला अध्यक्ष रणवीर यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में शिवानंद चौरसिया को शहीद का दर्जा देने और उनके परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग दोहराई। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *