हरदोई में 18 डॉक्टर बैठक से अनुपस्थित:जिलाधिकारी ने वेतन रोकने और स्पष्टीकरण का दिया निर्देश


हरदोई में मंगलवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में आयुष विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों की प्रगति और स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान 18 डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए। जिलाधिकारी ने ड्यूटी में लापरवाही और अनुपस्थिति पर कड़ा रुख अपनाते हुए दो यूनानी चिकित्सा अधिकारियों और 16 आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संतोषजनक उत्तर न मिलने पर संबंधित डॉक्टरों का वेतन रोका जाए। जिलाधिकारी ने सभी आयुष चिकित्सालयों में चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की शत-प्रतिशत और नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं होगा और उन्हें समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने अस्पतालों में आयुष औषधियों की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कमी को तत्काल दूर करने पर भी जोर दिया। बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, योग, प्राकृतिक चिकित्सा, आयुर्वेद, होम्योपैथी तथा यूनानी चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने आमजन को पारंपरिक और आयुष चिकित्सा पद्धतियों के लाभों से जोड़ने के लिए नियमित स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित गतिविधियों में तेजी लाने को भी कहा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की मंशा के अनुरूप आयुष विभाग की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो और सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जाए। इस अवसर पर परियोजना निदेशक अशोक कुमार मौर्य, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. आशा रावत, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी मधु बाजपेयी सहित समिति के अन्य सदस्य व अधिकारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *