कौशांबी में विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला:मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया, दो साल पहले हुई थी शादी


कौशांबी में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के भीतर फांसी पर लटका मिला है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने और फिर शव को फांसी पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के मुरादपुर गांव की है। बीती रात यहां 30 वर्षीय विवाहिता बबली देवी पत्नी सूरज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव कच्चे मकान की धन्नी में प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। मृतका के भाई अरविंद कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बहन बबली की शादी दो साल पहले मुरादपुर निवासी सूरज पुत्र फूल चंद के साथ की थी। अरविंद के अनुसार, शादी के बाद से ही बबली की सास आशा देवी और पति सूरज उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे और मारपीट भी करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले ससुराल वालों ने बबली से 50 हजार रुपये नकद लाने की मांग की थी और ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। अरविंद का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उनकी बहन की हत्या कर दी गई और फिर शव को फांसी पर लटका दिया गया। परिजनों ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी विकास सिंह ने बताया कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *