भारतेंदु नाट्य अकादमी में बलिया के दो कलाकारों का चयन:ट्विंकल गुप्ता और शुभम सिंह ने बनाई जगह, देशभर से थीं केवल 20 सीटें


भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय, लखनऊ से संबद्ध भारतेंदु नाट्य अकादमी के परास्नातक पाठ्यक्रम में बलिया की संकल्प संस्था से जुड़े दो युवा कलाकारों का चयन हुआ है। अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित चयन प्रक्रिया में केवल 20 सीटों के लिए प्रतिस्पर्धा थी, जिसमें ट्विंकल गुप्ता और शुभम सिंह ने सफलता हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। बलिया चौक लोहा पट्टी निवासी ट्विंकल गुप्ता पिछले एक दशक से संकल्प संस्था के साथ सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने कई चर्चित नाटकों में अभिनय के साथ निर्देशन की जिम्मेदारी भी निभाई है। ट्विंकल ने राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, वाराणसी केंद्र से भारतीय शास्त्रीय रंगमंच में एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम भी पूरा किया है। इसके अलावा उन्हें भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय छात्रवृत्ति सम्मान भी प्राप्त हो चुका है। शुभम सिंह ने भी रंगमंच में बनाई अलग पहचान गाजीपुर निवासी शुभम सिंह पिछले दो वर्षों से संकल्प संस्था के साथ जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने अनेक नाट्य प्रस्तुतियों में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। संस्था से जुड़ने से पहले वह लखनऊ और वाराणसी में रंगमंच की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। अभिनय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और मेहनत का ही परिणाम है कि उन्हें देश की प्रतिष्ठित नाट्य अकादमी में प्रवेश मिला है। कलाकारों की सफलता पर संस्था में खुशी संकल्प संस्था के सचिव, रंग निर्देशक एवं प्रशिक्षक आशीष त्रिवेदी ने दोनों कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि ट्विंकल और शुभम की उपलब्धि जिले के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। नई शिक्षा नीति से बढ़ी संभावनाएं आशीष त्रिवेदी ने बताया कि नई शिक्षा नीति लागू होने के बाद रंगमंच और प्रदर्शन कलाओं के क्षेत्र में रोजगार एवं करियर की संभावनाएं पहले की तुलना में काफी बढ़ी हैं। ऐसे में युवा कलाकारों के लिए यह क्षेत्र बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है। ट्विंकल और शुभम की सफलता पर बलिया के रंगकर्मियों, कला प्रेमियों और सामाजिक संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *