![]()
बरेली नगर निगम परिसर में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्थाई सफाई कर्मियों के एक समूह ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भानु प्रकाश के कार्यालय में जमकर हंगामा कर दिया। आरोप है कि बहाली की मांग को लेकर पहुंचे कर्मचारियों में से एक ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी के चेहरे पर चूड़ियां फेंक दीं। इसके बाद कार्यालय के अंदर तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और हाथापाई की स्थिति बन गई। घटना के बाद पूरे नगर निगम परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बहाली की मांग को लेकर पहुंचे थे कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक एक अस्थाई सफाई कर्मचारी को ठेकेदार की ओर से काम से हटा दिया गया था। इसी फैसले से नाराज महिला और पुरुष सफाई कर्मचारी सोमवार दोपहर करीब तीन बजे नगर स्वास्थ्य अधिकारी को ज्ञापन देने पहुंचे। कर्मचारियों के हाथ में एक थैली भी थी, जिसमें चूड़ियां रखी हुई थीं। उनका कहना था कि हटाए गए कर्मचारी को दोबारा काम पर रखा जाए। केबिन के अंदर बढ़ा विवाद, चूड़ियां फेंकने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डॉ. भानु प्रकाश ने कर्मचारियों को बातचीत के लिए अपने केबिन में बुलाया। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच सामान्य बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में माहौल गर्म हो गया। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान एक कर्मचारी ने थैली से चूड़ियां निकालकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी के चेहरे की ओर फेंक दीं। इस घटना के बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। कार्यालय के अंदर कर्मचारियों ने नारेबाजी शुरू कर दी और अधिकारियों को घेरकर विरोध जताया। कुछ देर तक वहां धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी रही। बीच-बचाव करने पहुंचे अधिकारी को भी नहीं माना
हंगामे की सूचना मिलते ही उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नैनी सिंह भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि प्रदर्शनकारी कर्मचारी किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। अधिकारियों के समझाने के बावजूद हंगामा जारी रहा और नारेबाजी होती रही। पुलिस बुलाने की सूचना मिलते ही मौके से खिसके
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जैसे ही हंगामा कर रहे कर्मचारियों को पुलिस बुलाए जाने की जानकारी मिली, वे धीरे-धीरे मौके से निकल गए। पुलिस के पहुंचने से पहले अधिकांश प्रदर्शनकारी वहां से जा चुके थे। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कर्मचारी हटाए गए सफाई कर्मी की बहाली की मांग करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं अधिकारियों की ओर से कर्मचारियों पर अनुशासनहीनता और दबाव बनाने का आरोप लगाया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बन गया है। नगर निगम प्रशासन सख्त, मुकदमे की तैयारी
घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालय में घुसकर हंगामा करना और अधिकारी के साथ अभद्रता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। घटना से निगम कर्मचारियों में भी नाराजगी है। नगर आयुक्त ने बताया पूरा मामला
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक घटना है। उनके अनुसार चूड़ियां फेंकने वाला हटाया गया कर्मचारी कथित रूप से शराब के नशे में था और अनुचित मांगों को मनवाने का दबाव बना रहा था। नगर आयुक्त ने बताया कि ड्यूटी के दौरान शराब पीने की शिकायत मिलने पर ठेकेदार ने उसे हटाया था। उन्होंने कहा कि नगर स्वास्थ्य अधिकारी की तहरीर के आधार पर एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Source link
बरेली नगर निगम में चूड़ियां फेंकने से मचा बवाल:नगर स्वास्थ्य अधिकारी से हाथापाई, कर्मचारियों पर मुकदमे की तैयारी, बहाली की मांग को लेकर पहुंचे थे ज्ञापन देने