अलीगढ़ में देश की सेनाओं के लिए बनेंगे आधुनिक हथियार:सीएम योगी ने 462 करोड़ की 85 परियोजनाओं की सौगात दी


​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अलीगढ़ का दौरा कर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के विजन को आगे बढ़ाते हुए सीएम योगी ने कहा कि अलीगढ़ में स्थापित डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का नोड अब भारतीय सेना की आवश्यकताओं को पूरा करेगा। यहां देश की सुरक्षा के लिए आधुनिक हथियार और उपकरण तैयार किए जाएंगे, जिसके बाद यहां का गोला-बारूद दुश्मनों पर बरसेगा। ​मुख्यमंत्री ने नुमाइश मैदान में आयोजित एक विशाल जनसभा में 462 करोड़ रुपए की लागत वाली 85 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसके साथ ही उन्होंने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में पूरे मंडल के लिए 5150 करोड़ रुपए के 1499 निर्माण कार्यों के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी। ​लखनऊ हादसे की खबर मिलते ही बदला कार्यक्रम ​सीएम योगी आदित्यनाथ का सोमवार रात अलीगढ़ में ही रात्रि प्रवास का कार्यक्रम था। उन्हें शहर के 150 से अधिक प्रबुद्धजनों के साथ संवाद और रात्रिभोज में शामिल होना था। लेकिन इसी बीच लखनऊ में एक दर्दनाक अग्निकांड की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए अपना कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से बदल दिया और लखनऊ के लिए रवाना हो गए। शहर और कोल विधानसभा का होगा विकास ​मुख्यमंत्री ने डिजिटल माध्यम से बटन दबाकर विधानसभा कोल, शहर और नगर निगम की कुल 85 परियोजनाओं की शुरुआत की। सीएम ने 177 करोड़ की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इसके अलावा 285 करोड़ की 45 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। ​कोल ​विधानसभा में 60.28 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण किया और 58 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वहीं, शहर विधानसभा में 7.82 करोड़ की परियोजनाओं लोकार्पण और 20.55 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके अलावा ​नगर निगम 315 करोड़ की 9 बड़ी परियोजनाओं में 108.76 करोड़ का लोकार्पण और 206.57 करोड़ की परियोजना का शिलान्यास किया। ​पीडब्ल्यूडी की समीक्षा में सामने आया कि अकेले अलीगढ़ क्षेत्र में करीब 2800 करोड़ रुपए की परियोजनाओं पर काम चल रहा है, जिसमें फ्लाईओवर, सड़कें, पॉलिटेक्निक संस्थान, अस्पताल और कॉलेज शामिल हैं। ​लाभार्थियों को बांटे चेक और चाबियां सीएम योगी ने जनसभा के मंच से कई लाभार्थियों को लाभान्वित किया। ​पीएम/सीएम आवास योजना के तहत लतेश देवी (शहरी) और पूनम देवी (ग्रामीण) को उनके नए मकानों की चाबियां सौंपीं। लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड बांटे गए। वहीं अतुल कुमार को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत 5 लाख रुपए का चेक और मीरा रानी को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत सिलाई मशीन दी गई। स्वयं सहायता समूहों को 7.13 करोड़ रुपए का आरएफ व सीआईएफ चेक सौंपा गया। इसके अलावा मिनी नंदनी कृषक समृद्धि योजना और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत प्रमाण पत्र और चाबियां बांटी गईं। ये रहे मौजूद जिले के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह, राजस्व राज्यमंत्री सुरेंद्र दिलेर, शहर विधायक मुक्ता राजा, बरौली विधायक ठा. जयवीर सिंह, कोल विधायक अनिल पाराशर, एमएलसी तारिक मंसूर आदि लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *