![]()
रामपुर में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार के नेतृत्व में सोमवार दोपहर करीब 24 कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने किसानों की दो प्रमुख समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। भाकियू जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह गंगवार ने बताया कि पूरे प्रदेश में जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ऐसे ज्ञापन भेजे जा रहे हैं। उन्होंने खतौनी में जमीन संबंधी त्रुटियों को किसानों की सबसे बड़ी समस्या बताया। इन त्रुटियों के कारण किसानों का बड़े पैमाने पर अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा शोषण हो रहा है। गंगवार ने आरोप लगाया कि कई किसान एक वर्ष के भीतर 25 से 30 बार तक शिकायतें दर्ज करा चुके हैं, लेकिन राजस्व विभाग की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे किसानों को सरकारी योजनाओं, भूमि संबंधी कार्यों और बैंकिंग प्रक्रियाओं में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। भानु प्रताप सिंह गंगवार ने हाल ही में लागू की गई यूरिया और डीएपी खाद वितरण व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान को केवल 10 या 20 किलो खाद की आवश्यकता है, तो उसके लिए पंजीकरण, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताएं पूरी करना व्यावहारिक नहीं है। पहले किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार कहीं से भी खाद खरीद सकते थे, लेकिन नई व्यवस्था अतिरिक्त परेशानी खड़ी कर रही है। गंगवार ने जोर दिया कि किसानों के हित में बनाई जाने वाली नीतियां सरल और व्यावहारिक होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और सरकार ने समय रहते इन समस्याओं का समाधान नहीं किया, तो भारतीय किसान यूनियन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। संगठन ने मुख्यमंत्री से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की है।
Source link
भाकियू ने खतौनी त्रुटियों, खाद व्यवस्था पर मुख्यमंत्री को ज्ञापन:समाधान न होने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी