![]()
देवरिया के समग्र विकास और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘देवरिया नागरिक मंच’ का गठन किया गया है। शहर के टाउन हॉल स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित इसके स्थापना समारोह में प्रशासनिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों के कई गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए। इस दौरान मंच के उद्देश्यों और भावी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। समारोह का शुभारंभ प्रदेश के पूर्व अपर मुख्य सचिव रविंद्र नायक, पूर्व गृह सचिव मणि प्रसाद मिश्र, पूर्व जिलाधिकारी अनीता श्रीवास्तव, लखनऊ कैंटोनमेंट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभिषेक राठौर और नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अलका सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। देवरिया नागरिक मंच एक सामाजिक और गैर-राजनीतिक संगठन है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर जनपद के विकास के लिए कार्य करना है। यह मंच सामाजिक एकता, जनसहभागिता और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। इसका लक्ष्य देवरिया की समस्याओं और संभावनाओं को सामने लाकर जिले के सर्वांगीण विकास में योगदान देना है। स्थापना समारोह के दौरान विंध्याचल मणि त्रिपाठी उर्फ राजा बाबू द्वारा निर्मित डाक्यूमेंट्री फिल्म ‘दिव्य देवरिया’ का प्रदर्शन किया गया। इस फिल्म में देवरिया की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को विस्तार से दर्शाया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। पूनम मणि और राजेंद्र जायसवाल ने भजन एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। पूर्व आईपीएस अधिकारी अनीता श्रीवास्तव ने अपनी ग़ज़लों की प्रस्तुति से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, व्यापारी और युवा शामिल हुए। वक्ताओं ने देवरिया के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया और नागरिक मंच की इस पहल को सराहनीय बताया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेंद्र शाही ने किया। अंत में आयोजकों ने मंच के माध्यम से जनपद के विकास, सामाजिक समरसता और नागरिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
Source link
देवरिया के विकास को नागरिक मंच का गठन:स्थापना समारोह में प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्र के दिग्गज शामिल हुए