HPCL ने मनाया 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस:बुलंदशहर में 'योगा फॉर हेल्दी एजिंग' थीम पर हुआ आयोजन


बुलंदशहर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार देर शाम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” थीम पर एक योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) द्वारा रविवार देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के 60 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन में बुलंदशहर के विभिन्न एचपीसीएल डीलर्स, कस्टमर सर्विस एसोसिएट्स (सीएसए), चिकित्सक, इंजीनियर, तकनीकी विशेषज्ञ और समाज के अन्य वर्गों के लोग एक साथ आए। सभी ने स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया। योग सत्र का संचालन इंच एंड किलोग्राम्स फिटनेस की संस्थापक डॉ. पल्लवी सिंह ने किया। डॉ. मुकेश कौशिक ने योग और सक्रिय जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। वक्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और यह आज विश्वभर में स्वास्थ्य एवं कल्याण का एक प्रभावी माध्यम बन चुका है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) अभय सिंह ने एचपीसीएल की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन जन कल्याण और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण हैं तथा उत्तर प्रदेश सरकार की लोकहितकारी सोच के अनुरूप हैं।
एचपीसीएल आगरा की चीफ रीजनल मैनेजर और क्षेत्रीय बिक्री अधिकारी सुकृति श्रोत्रिय भी इस अवसर पर उपस्थित थीं। कार्यक्रम के समापन की घोषणा करते हुए श्रोत्रिय ने कहा कि एचपीसीएल समाज के विकास एवं जन कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि इन आयोजनों से एक ऊर्जा कंपनी और समाज साथ-साथ प्रगति कर सकेंगे। श्रोत्रिय ने सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का कार्यक्रम में सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। पूर्व न्यायिक मजिस्ट्रेट वसु चौधरी कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *