![]()
हरदोई में बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर एक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को लखनऊ रेफर किया गया है। यह घटना बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर के पास हुई। मृतक की पहचान बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नया बंगला बिरनी गांव निवासी 61 वर्षीय ईश्वरी के रूप में हुई है। उनके साथ स्कूटी पर सवार उनके दोस्त 45 वर्षीय उदय पाल घायल हुए हैं। ईश्वरी और उदय पाल शनिवार शाम बिलग्राम नगर में भर्ती एक ग्रामीण को देखने अस्पताल गए थे। देर शाम अस्पताल से गांव लौटते समय बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जलालपुर के पास एक मार्शल वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों दोस्त सिर के बल सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर एंबुलेंस से दोनों घायलों को पहले बिलग्राम सीएचसी और फिर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। देर रात इलाज के दौरान ईश्वरी ने दम तोड़ दिया। उदय पाल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। ईश्वरी के परिवार में उनकी पत्नी मुन्नी, छह पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
हरदोई में मार्शल की टक्कर से एक दोस्त की मौत:दूसरा लखनऊ रेफर, बिलग्राम के जलालपुर के पास हादसा