![]()
मऊ में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। बुढावर गांव के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना दोहरीघाट थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, अनिल कुमार (41) निवासी कुटिया सिटी पिपरी, जनपद चंदौली और संतोष कुमार यादव (32) निवासी मिश्रपुरा चौबेपुर, वाराणसी एक बारात में शामिल होने दोहरीघाट क्षेत्र आए थे। शनिवार देर रात दोनों स्कॉर्पियो से कस्बे की ओर गए थे और वापस बारात स्थल लौट रहे थे। इसी दौरान बुढावर गांव के पास सामने से आ रही रोडवेज बस से उनकी स्कॉर्पियो की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संतोष कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस बिजली के खंभों से टकराई, चालक फरार हादसे के बाद रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे कई बिजली के खंभों से जा टकराई। टक्कर से खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके में बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मऊ में रोडवेज बस और स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत:एक युवक की मौत, साथी गंभीर; बस बिजली के खंभों से टकराई