![]()
बस्ती के मुंडेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर रेवटी निवासी एक किराना व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उमेश अग्रहरि के रूप में हुई है, जो जगदीशपुर मंझरिया चौराहे पर थोक किराना व्यवसाय करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, उमेश अग्रहरि ने जगदीशपुर मंझरिया चौराहे पर अपना गोदाम बना रखा था। गोदाम के ऊपर स्थित एक किराए के कमरे में वह रहते थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह पिछले कुछ समय से आर्थिक समस्याओं से जूझ रहे थे। चर्चा है कि उन्होंने कई लोगों से ब्याज पर धन उधार लिया था, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में रहते थे। रविवार सुबह मकान मालिक टहलने के लिए निकले तो उन्होंने कमरे के अंदर उमेश अग्रहरि को फंदे से लटका देखा। बताया जा रहा है कि उस समय उनकी सांसें चल रही थीं। मकान मालिक ने तत्काल इसकी सूचना परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें फंदे से उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुंडेरवा ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। व्यापारी की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है।
Source link
कर्ज के दबाव में किराना व्यापारी की संदिग्ध मौत:बस्ती में गोदाम के ऊपर किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला व्यापारी