कानपुर3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम शोहदों की दुस्साहसिक हरकत से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। बाइक सवार अज्ञात युवकों ने पहले नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा और फिर कुछ ही देर बाद दूसरी युवती पर गोंद फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। लगातार हुई इन दो घटनाओं से स्थानीय लोग आक्रोशित हैं।
रावतपुर क्षेत्र के एक हॉस्टल में रहकर NEET की तैयारी कर रही छात्रा देर शाम पास की जनरल स्टोर पर सामान लेने गई थी। छात्रा के मुताबिक, वह दुकान पर खड़ी थी तभी बाइक सवार युवक आए और अचानक उस पर गोंद फेंककर फरार हो गए।
घटना इतनी अचानक हुई कि छात्रा कुछ समझ नहीं पाई। आसपास के लोगों ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे बाइक लहराते हुए मौके से भाग निकले।
कुछ ही देर बाद दूसरी युवती भी बनी निशाना
इसी इलाके में कुछ समय बाद दूसरी युवती भी शोहदों की हरकत का शिकार हो गई। बताया गया कि वह एक अस्पताल से घर लौट रही थी, तभी बाइक सवारों ने पहले अभद्र टिप्पणी की और फिर उस पर भी गोंद फेंक दिया।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही पीड़िताओं ने डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
इलाके में आक्रोश, CCTV खंगाल रही पुलिस
लगातार दो घटनाओं से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने दोनों पीड़िताओं से पूछताछ कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
आशंका जताई जा रही है कि दोनों घटनाओं में एक ही आरोपी या गिरोह शामिल हो सकता है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए दो टीमें गठित कर दी हैं।
डीसीपी वेस्ट बोले—जल्द होगी गिरफ्तारी
डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम अबिदी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी और गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
