![]()
गोंडा रेलवे स्टेशन पर जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव होगा। रेल मंत्रालय ने गोंडा जिले के लोगों को यह सुविधा प्रदान की है। ट्रेन के उद्घाटन और नियमित संचालन का समय अलग-अलग है। उद्घाटन के लिए यह ट्रेन 21 जून को शाम 4 बजे चलकर खाटीपुरा से चलकर सोमवार, 22 जून को सुबह 6:37 बजे गोंडा रेलवे स्टेशन पहुंचेगी, जहां इसका स्वागत किया जाएगा। यह समय केवल उद्घाटन के लिए है। 19725 खातीपुरा (जयपुर)-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 22 जून से शुरू होगा। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह गाड़ी खातीपुरा से रात 10:30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 12:35 बजे गोंडा पहुंचेगी और 12:37 बजे गोरखपुर के लिए रवाना होगी। इसी तरह 19726 दरभंगा-खातीपुरा (जयपुर) अमृत भारत एक्सप्रेस का नियमित संचालन 23 जून से शुरू होगा। यह ट्रेन रविवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह गाड़ी दरभंगा से सुबह 4:30 बजे प्रस्थान कर शाम 4:38 बजे गोंडा पहुंचेगी और 4:40 बजे बाराबंकी के लिए रवाना होगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें शयनयान श्रेणी के 8, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 11, पेंट्रीकार का 1 और एल.एस.एल.आर.डी. के 2 कोच शामिल हैं। इस ट्रेन के संचालन को लेकर गोंडा के बीजेपी सांसद और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को धन्यवाद दिया है।
वही गोंडा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह ने भी अपने फेसबुक पेज पर गोंडा बीजेपी सांसद व विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कैसरगंज से बीजेपी सांसद करण भूषण को बधाई देते हुए आभार व्यक्त किया है। इस ट्रेन के संचालन से गोंडा से दरभंगा और जयपुर आने-जाने वाले यात्रियों को लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बालाजी मंदिर दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों को सुविधा होगी। वैसे बालाजी की यात्रा करने के लिए यात्रियों को अयोध्या और लखनऊ से यात्रा करनी पड़ रही थी लेकिन अब इस ट्रेन के संचालन होने से उन्हें अयोध्या लखनऊ नहीं जाना पड़ेगा।
Source link