कौशांबी में कंटेनर-बाइक भिड़ंत, दो की मौत:टक्कर के बाद पहिए के नीचे आ गए, संविदा फार्मासिस्ट और दोस्त इंटरव्यू देने प्रयागराज जा रहे थे


कौशांबी के पहाड़पुर कोदन हाईवे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार संविदा फार्मासिस्ट रमेश निषाद (30) और उनके दोस्त विवेक द्विवेदी (32) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। महेवाघाट थाना क्षेत्र के टिकरा निवासी रमेश निषाद प्रयागराज के सोरांव हाईवे एंबुलेंस में संविदा पर फार्मासिस्ट के पद पर कार्यरत थे। सैनी कोतवाली क्षेत्र के बक्तियारां गांव निवासी विवेक द्विवेदी के साथ वे प्रयागराज में एंबुलेंस टीम में नौकरी के लिए आयोजित साक्षात्कार में शामिल होने जा रहे थे।
यह दुर्घटना सैनी क्षेत्र के पहाड़पुर कोदन गांव के पास हुई। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर कंटेनर के पहियों के नीचे आ गए, जिससे उनकी जान चली गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र तिवारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतकों की पहचान की। इसके बाद, पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन भी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंच गए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *