प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या:गड़ासे से वार कर की गई, तीन आरोपी गिरफ्तार


सिद्धार्थनगर के मोहाना थाना क्षेत्र में एक युवक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। प्रेम प्रसंग के विवाद में गड़ासे से वार कर युवक की हत्या की गई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक मुकेश गुप्ता का गांव की युवती उषा के साथ प्रेम संबंध था। इसी विवाद के चलते अक्टूबर 2025 में उषा ने आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद मुकेश गांव छोड़कर नेपाल के रास्ते मुंबई चला गया था। युवती की मौत के बाद से ही उसके परिजन मुकेश को अपनी बेटी की आत्महत्या का जिम्मेदार मानते हुए उससे बदला लेने की फिराक में थे। मुकेश 9 जून 2026 को वापस अपने गांव पिपरहवा लौटा था। इसकी जानकारी मिलते ही मुख्य आरोपी तिवारी लोध भी मुंबई से गांव पहुंच गया। 16 जून की रात तिवारी लोध, रमेश लोध और आनंद लोध ने मिलकर मुकेश की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि रमेश लोध ने मुकेश के घर की निगरानी की और सूचना दी कि वह घर की छत पर अकेला सो रहा है। इसके बाद आनंद लोध और तिवारी लोध छत पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, तिवारी लोध ने मुकेश के पैर पकड़ लिए, जबकि आनंद लोध ने गड़ासे से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के दौरान रमेश लोध बाहर रहकर निगरानी करता रहा ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर थाना मोहाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। प्रभारी निरीक्षक मोहाना जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और गहन पड़ताल के आधार पर कार्रवाई की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को मगरहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तिवारी लोध (43 वर्ष), रमेश लोध (42 वर्ष) और आनंद लोध (20 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पूरी घटना का खुलासा किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया है। थाना मोहाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह और उनकी टीम द्वारा अल्प समय में घटना का सफल अनावरण किए जाने पर पुलिस विभाग में उनकी कार्यशैली की सराहना की जा रही है। इस कार्रवाई ने एक जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर कानून-व्यवस्था के प्रति पुलिस की तत्परता को भी साबित किया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *