विवाहिता ने श्रमजीवी एक्सप्रेस के आगे कूदकर जान दी:मेडिकल कॉलेज में हुई मौत, घरेलू कलह की आशंका


हरदोई में एक 27 वर्षीय विवाहिता ने शुक्रवार देर रात श्रमजीवी एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना देहात कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली रेल मार्ग पर हुई। गंभीर रूप से घायल महिला को राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पति-पत्नी के बीच घरेलू कलह की आशंका जताई है। शनिवार दोपहर बाद शव का पंचनामा भरा गया। मृतका की पहचान सुभाषिनी (27) के रूप में हुई है, जो देहात कोतवाली क्षेत्र के पेनी पुरवा मोहल्ले की निवासी थी। उसका विवाह चार साल पहले शहर कोतवाली क्षेत्र के कुतुआपुर गांव निवासी अंकुल गुप्ता से हुआ था। अंकुल नोएडा में मसाले की दुकान चलाते हैं। सुभाषिनी अपने दो बच्चों के साथ नोएडा में ही रहती थी। परिजनों के अनुसार, सुभाषिनी 7 जून को नोएडा से अपने मायके पेनी पुरवा आई थी और तब से वहीं रह रही थी। शुक्रवार देर रात सुभाषिनी अचानक घर से निकल गई। पेनी पुरवा के पास से गुजरने वाले दिल्ली-लखनऊ रेल मार्ग पर, हरदोई रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित एक ओवरब्रिज के पास वह श्रमजीवी एक्सप्रेस के सामने आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से सुभाषिनी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। स्थानीय लोगों ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव की पहचान की और परिजनों व पुलिस को सूचित किया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घरेलू विवाद के पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *