लंबित आवेदनों के निस्तारण एक सप्ताह में निपटाए जाएं:सीडीओ की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु की बैठक


चित्रकूट में शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति, लंबित आवेदनों के निस्तारण, औद्योगिक समस्याओं के समाधान और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। सीडीओ ने ‘निवेश मित्र’ पोर्टल, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्तपोषण योजना से संबंधित सभी लंबित आवेदनों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित विभागों और बैंकों को आपसी समन्वय से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 1800 लाभार्थियों का लक्ष्य मिला है। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) को निर्देश दिए कि बैंकों द्वारा स्वीकृत सभी ऋण प्रकरणों में एक सप्ताह के भीतर धनराशि का वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि युवा अपना स्वरोजगार समय पर शुरू कर सकें। औद्योगिक विवादों की समीक्षा के दौरान, मेसर्स राधा रानी हॉस्पिटैलिटी के लंबित प्रकरण पर भी चर्चा हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने विद्युत विभाग को नियमानुसार एक सप्ताह के भीतर विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि उद्योग संचालन में कोई बाधा न आए। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सीडीओ ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रामघाट और परिक्रमा मार्ग जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर रिवर्स वेंडिंग मशीनें स्थापित करने को कहा। इन मशीनों से प्लास्टिक कचरे का वैज्ञानिक प्रबंधन होगा और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) चंद्रशेखर, अग्रणी जिला प्रबंधक प्रभात कुमार मेहता, व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और उद्यमी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी निर्देशों का तय समयसीमा में पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *