![]()
मेरठ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। इन पर गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के आरोपी को रिश्वत लेकर छोड़ने का आरोप है। रेलवे रोड थाने में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला नौचंदी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। लगभग तीन साल पहले दर्ज लूट के एक मुकदमे में मकबरा घोसियान निवासी रिहान के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। कोर्ट ने उसे 17 जून तक गिरफ्तार कर पेश करने का आदेश दिया था। इस वारंट के अनुपालन की जिम्मेदारी नौचंदी थाने में तैनात दरोगा अनूप कुमार को सौंपी गई थी। आरोप है कि 12 जून को दरोगा अनूप कुमार और रेलवे रोड थाने में तैनात हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार ने रिहान को गिरफ्तार किया था। उसे केसरगंज चौकी पर लाया गया और 3,000 रुपये की रिश्वत लेकर छोड़ दिया गया। पुलिसकर्मियों ने न तो किसी अधिकारी को गिरफ्तारी की सूचना दी और न ही थाने के रिकॉर्ड में इसे दर्ज किया। दो दिन पहले रिहान की मां रिहाना ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि दो पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे से तीन हजार रुपये रिश्वत ली है। शिकायत के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि छोड़ा गया व्यक्ति वारंटी था। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ में रिहान को पुलिस हिरासत में लेने और चौकी तक लाने की पुष्टि हुई। फुटेज में दोनों पुलिसकर्मी रिहान को लाल रंग की बाइक पर ले जाते हुए भी दिखे। जांच की भनक लगते ही दोनों पुलिसकर्मी फरार हो गए थे, लेकिन बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब कुछ महीने पहले ही एसएसपी अविनाश पांडेय ने लोहियानगर थाने के दो दरोगाओं को धागा कारोबारी से 20 लाख रुपये की उगाही के मामले में जेल भिजवाया था।
Source link
मेरठ: रिश्वत लेकर वारंटी छोड़ा, दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार:आरोपी की मां की शिकायत पर एसएसपी ने की कार्रवाई