महिला सशक्तिकरण और बेटी शिक्षा पर जोर:ममता राजपूत बोलीं- महिलाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से ही होगा समाज का विकास


मैनपुरी कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्र सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रबुद्ध वर्ग एवं महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने महिलाओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों को संबोधित किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण और बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया। जिलाध्यक्ष ममता राजपूत ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज और राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब महिलाएं शिक्षित, आत्मनिर्भर और सशक्त हों। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिला सशक्तिकरण अब केवल एक नारा नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का एक मजबूत आधार बन चुका है। कार्यक्रम के दौरान बाल विवाह विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक की सराहना करते हुए ममता राजपूत ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुरीतियों ने समाज को लंबे समय तक नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य प्रभावित होता है, साथ ही बालिकाओं की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर भी सीमित हो जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे विवाह में अनावश्यक खर्च करने के बजाय बेटियों की शिक्षा और कौशल विकास पर निवेश करें, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर परिवार और समाज का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बेटी को शिक्षा और सम्मान का अधिकार है, और समाज को बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए। ममता राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से महिलाओं और बेटियों के उत्थान के लिए संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के माध्यम से कन्या भ्रूण हत्या रोकने के प्रयासों पर प्रकाश डाला। साथ ही, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ से ग्रामीण महिलाओं को धुएं से राहत मिलने और उनके स्वास्थ्य व जीवन स्तर में सुधार होने की बात कही। उन्होंने ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान सुनिश्चित होने का भी जिक्र किया। इसके अतिरिक्त, ‘प्रधानमंत्री सुकन्या समृद्धि योजना’ और ‘जन-धन योजना’ जैसी पहलों से महिलाओं और गरीब परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एवं मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने अन्नप्राशन, गोद भराई, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और पोषण किट वितरित किए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने स्वागत गीत और बाल विवाह पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, गर्भवती एवं धात्री महिलाएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *