औरैया में किसान दिवस, CDO ने सुनीं किसानों की समस्याएं:उन्नत बीज, उर्वरक और विद्युत पर हुई चर्चा, योजनाओं की जानकारी


औरैया में मुख्य विकास अधिकारी (CDO) राम कृपाल चौधरी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान CDO ने किसानों की समस्याओं को सुना और उनसे उन्नतशील बीज, उर्वरक तथा विद्युत जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। मुख्य विकास अधिकारी ने कृषकों को बताया कि सभी योजनाएँ किसानों को केंद्र में रखकर और उनके हित में संचालित की जाती हैं। पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना के तहत 2 लाख रुपये तक की लागत पर दो गायों (गिर, थारपारकर, हरियाणा एवं साहीवाल नस्ल) की खरीद पर 40% या अधिकतम 80,000 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। इसमें हस्तचालित कटिया मशीन और टीनशेड की खरीद भी शामिल है। बकरी पालन के लिए पाँच बकरी और एक बकरे की यूनिट (40,000 रुपये मूल्य) पर 36,000 रुपये का अनुदान सीधे पशुपालक के खाते में जाएगा। इच्छुक पशुपालक विकास भवन स्थित मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। उद्यान विभाग के अंतर्गत जनपद स्तरीय योजनाओं में आम, अमरूद और नीबू वर्गीय पौधों के साथ-साथ “पर ड्रॉप मोर क्रॉप (माइक्रोइरीगेशन)” योजना भी संचालित है। इसमें ड्रिप/स्प्रिंकलर सिंचाई के लिए लघु/सीमांत कृषकों को 75 से 90 प्रतिशत और अन्य कृषकों को 65 से 80 प्रतिशत तक अनुदान देय है। विभाग ने खाद्य प्रसंस्करण उद्यम स्थापित करने के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के बारे में भी जानकारी दी। इस योजना के तहत लागत का 35 प्रतिशत या अधिकतम 10 लाख रुपये का अनुदान प्राप्त कर स्वरोजगार स्थापित किया जा सकता है। जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर सामान्य धान, संकर धान, अरहर, उड़द, मूंग और तिल के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए रागी, सावा, कोदो, ज्वार और बाजरा के बीज निःशुल्क दिए जा रहे हैं। किसान अपने एंड्रॉइड फोन या जन सेवा केंद्र से अपनी किसान पंजीकरण संख्या का उपयोग करके बीजों की बुकिंग कर इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *