![]()
अमरोहा के हसनपुर थाना क्षेत्र के बाटूपुरा गांव में राशन डीलर की दुकान निरस्त होने के बाद कथित तौर पर डीलर ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर मारपीट की। घटना 7 जून की बताई जा रही है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित तीर्थ पुत्र छोटे का आरोप है कि उसने राशन डीलर नीमना देवी के खिलाफ घटतौली और समय पर राशन न देने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद डीलर का कोटा निरस्त कर दिया गया था। इसके बाद से डीलर कथित तौर पर उससे रंजिश रखने लगा था।
तीर्थ के अनुसार, दुकान निरस्त होने से नाराज होकर नीमना देवी, उनके पति रामपाल उर्फ गिरवर और उनके साथियों ने लाठी-डंडों व लोहे की सरियों के साथ उनके घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज की। जब तीर्थ ने विरोध किया, तो उन सभी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इस हमले में तीर्थ का सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर गिर गया। हमलावरों पर यह भी आरोप है कि उन्होंने तीर्थ को धमकी दी कि यदि उसने कानूनी कार्रवाई की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित का दावा है कि मारपीट का वीडियो भी उनके पास मौजूद है। मारपीट के बाद गंभीर हालत में तीर्थ को हसनपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल अमरोहा और फिर मेरठ रेफर किया गया। पीड़ित का कहना है कि उसने हसनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया है। बुधवार को तीर्थ ने कई ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
Source link
अमरोहा में शिकायतकर्ता के घर में घुसकर मारपीट की:राशन डीलर की दुकान निरस्त कराने पर रंजिश रखता था, ग्रामीण ने डीएम से लगाई गुहार